Header Ads Widget

भाजपा जिला अध्यक्ष ने मुस्लिम समाज से श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन दीपावली की तरह मनाने का किया आवाहन

मुस्लिम रंग रेज समाज के प्रमुख लोगों और नौजवानों ने किया नवनियुक्त जिला अध्यक्ष राज कुमार वोहरा का स्वागत व अभिनंदन

फरीदाबाद। एनआईटी विधानसभा के जवाहर कॉलोनी और नंगला क्षेत्र के मुस्लिम रंग रेज समाज के प्रमुख लोगों और नौजवानों ने रंग रेज फाउंडेशन ऑफ इंडिया के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष व आल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी के प्रदेश महामंत्री मोहम्मद सिराज के नेतृत्व में भाजपा जिला कार्यालय पर जिला अध्यक्ष राज कुमार वोहरा से मुलाकात की और जिला अध्यक्ष को फूल मालाएं डालकर उनको नव दायित्व की शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने जिला अध्यक्ष को अपने इलाके की समस्याओं से अवगत करवाया और समस्याओं को हल करने का आग्रह किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा ने मुस्लिम समाज द्वारा उनके स्वागत व अभिनंदन के लिए उनका आभार व्यक्त किया और साथ ही सभी आये हुए मुस्लिम समाज के लोगों को उनकी समस्याओं के हल करने का आश्वासन दिया। श्री वोहरा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा से मुस्लिमों के विकास के लिए कार्य किया है। पीएम मोदी ने तीन तलाक के मुद्दे पर भी मुस्लिम समाज को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार और हरियाणा में मनोहर लाल की सरकार कोई भेदभाव नहीं करती और भाजपा के राज में हर समाज सुरक्षित और भयमुक्त है।

साथ ही जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा ने कहा कि आने वाली 22 तारीख को श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर आप सभी अपने-अपने घरों पर दिये जलाएं और इस शुभ दिन को दीपावली की तरह मनाकर सामाजिक सौहार्द का संदेश दें। मुस्लिम समाज के लोगों ने जिला अध्यक्ष के इस संबोधन व आग्रह पर भारत माता की जय का उद्घोष कर अपना समर्थन दिया। इस अवसर पर मोहम्मद सिराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में भाजपा की देश प्रदेश की सरकार समाज के सभी वर्गों और संप्रदायों के लिए बहुत अच्छा काम कर रही है। भाजपा के राज में योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों का विकास हो रहा हैं। उनको मोदी-मनोहर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में पूर्ण विश्वास है और भाजपा को मुस्लिम रंग रेज समाज का समर्थन लगातार मिलता रहा है और रहेगा। बड़ी संख्या में मुस्लिम रंग रेज समाज के लोग भाजपा के साथ हैं और समाज के अन्य लोगों को भी भाजपा के साथ जोडऩे का कार्य करेंगे।

Post a Comment

0 Comments